गजरौला(अमरोहा)। दो महीने पूर्व दोहरे हत्याकांड की साजिश रचने के आरोपी पपसरा निवासी हसमत के घर कुर्की करने के लिए पुलिस ने मुनादी कराई। मुनादी के दौरान बताया कि वह अनिरुद्ध व रतनपाल भाटी की हत्या की साजिश रचने का आरोपी है।
नौ अक्तूबर की रात थाना क्षेत्र का गंगा पार का गुलालपुर के जंगल मे बने फार्म हाउस में बदमाशों ने मेरठ के सीना निवासी अनिरुद्ध व गौतमबुद्ध नगर के बोड़ाकी गांव निवासी रतनपाल भाटी की बलकटी व नल के हत्थे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। बदमाश नौकर जीतपाल निवासी नया गांव हापुड़ को अधमरा कर छोड़ गए थे। हत्या का आरोप हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर निवासी अशोक पर है। उस पर आरोप है कि उसने गांव के ही विनय, कपिल, दिनेश, गजरौला थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी जितेंद्र भड़ाना, गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी चंद्रपाल, हैदरपुर निवासी सुरेंद्र व उसके भाई सुरजन और मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के सारंगपुर निवासी अब्बास, भड़ौली निवासी अंकुर उर्फ बाेलू के साथ मिल कर वारदात को अंजाम दिया।
थाना क्षेत्र के गांव पपसरा निवासी हसमत पर आरोप है कि वह दोहरे हत्याकांड की साजिश रचने में शामिल रहा। घटना को अंजाम देने से पहले मृतकों को शाम को शराब पिलाई गई थी। यह काम हसमत, हापुड़ के नया गांव निवासी खानी व मुरादपुर के विजेंद्र उर्फ विरेंद्र ने किया था। तीनों पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह पुलिस के साथ रविवार को पपसरा खादर पहुंचे। यहां हसमत के घर कुर्की की उद्घोषणा की। ढोल वाले को बुलाकर मुनादी पिटवाई। ग्रामीणों से कहा कि हसमत पर दोहरे हत्याकांड की साजिश रचने का आरोप है। गांव में दिखाई देने पर उसकी पुलिस को सूचना दी जाए।