अमरोहा। मिनी स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में पहले दिन होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की प्राथमिक स्तर बालक वर्ग की 50 मीटर दौड में सुऐब, 100 मीटर दौड़ में नफीस, 200 व 400 मीटर दौड़ व लम्बी कूद में शिवम ने, बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड में अक्शा, 100 व 400 मीटर दौड़ में सुमैरा, 200 मीटर रेस में कामिनी, लंबी कूद में अल्फिजा ने पहला स्थान प्राप्त किया।
प्राथमिक स्तर बालक व बालिका वर्ग कबड्डी में प्राथमिक विद्यालय मिठनपुर कला विजेता रहा। खो-खो बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय मिठनपुर कला व बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय जब्बारपुर विजेता रहा। जूनियर स्टार बालक वर्ग के 100 मीटर दौड़ व लंबी कूद में वासु, 200, 400 व 600 मीटर दौड़ में बसंत, ऊंची कूद में मनी, गोला फेंक व ऊंची कूद में शोभित, बालिका वर्ग की 100, 200 व 400 मीटर दौड़ में वंशिका, 600 मीटर दौड़ में अंजलि, ऊंची कूद, गोला फैंक में मीनाक्षी, लंबी कूद में खुशबू ने पहला स्थान प्राप्त किया। अमरोहा की नौ न्याय पंचायतों की खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता बच्चों ने प्रतिभाग किया।
खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत नगर पालिका परिषद चेयरपर्सन शशि जैन व ब्लॉक प्रमुख अमरोहा गुरेन्द्र सिंह ढिल्लो ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर की। खंड शिक्षा अधिकारी सोनू कुमार द्वारा मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया गया। समस्त खेल प्रतियोगिताएं ब्लॉक व्यायाम शिक्षक राजदीप सिरोही के निर्देशन में चल रही हैं। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, करतार सिंह, वरन सिंह, मदनपाल सिंह, महेश कुमार, रेनू वड्डा आदि मौजूद रहे।