अमरोहा। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने गूगल मीट के माध्यम से अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों, भड़काऊ बयानबाजी या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने के लिए एसपी ने अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने त्योहार के मौके पर पूर्व में घटित घटनाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। कहा कि धर्मगुरुओं संग ही असरदार व्यक्तियों से संवाद कायम करें। सभी सीओ व थानाध्यक्ष को निर्देश देते हुए कहा कि इस बात का ध्यान रखना है कि सार्वजनिक स्थानों पशुओं की कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। इस दौरान एएसपी, सीओ, थाना प्रभारी, प्रभारी डीसीआरबी, प्रभारी 112, प्रभारी साइबर सेल, प्रभारी एएचटीयू, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ, प्रभारी मानिटरिंग सेल आदि मौजूद रहे।