अमरोहा। नगर के प्रसिद्ध श्री वासुदेव मंदिर परिसर में लगातार दूसरे दिन पशु के अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति बन गई है। घटना को लेकर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर शांत किया। मामले ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री विपिन शर्मा ने बताया कि बकरीद के दिन मंदिर परिसर स्थित हनुमान मूर्ति के पास सरोवर की सीढ़ियों पर मांस का टुकड़ा पाया गया था। शुक्रवार को एक बार फिर मंदिर परिसर के पार्क में पेड़ पर किसी पशु का सींग लटका मिला, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर धार्मिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और मंदिर परिसर को निशाना बना रहे हैं। इस घटना को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कहा कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि परिसर का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। संवाद