गजरौला(अमरोहा)। इंद्रा चौक पर धनौरा की तरफ जाने वाले वाहनों को रोक रहीं महिला दरोगा मीनाक्षी गुप्ता के पैर पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इस पर वह चोटिल गईं। कैमरा निकालने पर कार सवार कार को लेकर भाग गए। कांवड़ियों के लिए पुलिस ने धनौरा मार्ग को ब्लॉक कर रखा है, जिसके चलते धनौरा जाने वाले वाहनों को इंद्रा चौक पर रोक कर भानपुर की तरफ भेजा जा रहा है। बुधवार की शाम सात बजे महिला दरोगा मीनाक्षी गुप्ता इंद्रा चौक पर मुस्तैद थीं। वह धनौरा की दिशा में जाने वाले वाहनों को रोक रही थीं। इस बीच कार आई। उन्होंने कार को रोका। उसमें चार लोग सवार थे।
आरोप है कि इस दौरान कार सवारों ने कार नहीं रोकी। वह कार को जबरन निकालने की कोशिश करने लगे। मगर मीनाक्षी गुप्ता डटकर खड़ी हो गईं। वह आगे से नहीं हटीं, जिससे कार का पहिया उनके पैर पर चढ़ गया। पैर चोटिल हो गया। इस दौरान उन्होंने कार की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद करने के लिए जेब से मोबाइल निकाला।
वह मोबाइल के कैमरे में कार सवारों की तस्वीर कैद कर रही थीं। तभी वह मौका पाकर कार को लेकर भाग गए। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस ने जानकारी से इनकार किया है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।