फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमरोहा को बनाएंगे प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ जनपद : डिप्टी सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को अमरोहा पहुंचकर कलक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि अमरोहा को उत्तर प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ जनपद बनाना सरकार का लक्ष्य है और केंद्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां, सीएम युवा योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति पत्र, ओडीओपी योजना के तहत टूलकिट और कृषि विभाग की ओर से चयनित किसान को ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी।
विज्ञापन

बैठक में जिले के प्रभारी केपी मलिक, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, शिक्षक विधायक हरिसिंह ढिल्लो, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधायक राजीव तरारा, डीएम डॉ. नितिन गौड़, एसपी लखन सिंह यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डीएम ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत कर स्मृति चिन्ह और अमरोहा की प्रसिद्ध ढोलक भेंट कर की। बैठक के अंत में डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने उपमुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर उपमुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधरोपण भी किया।
-
अमरोहा की ढोलक को दिलाई जाएगी नई पहचान
समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत अमरोहा की ढोलक उद्योग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ढोलक निर्माताओं को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाए और उत्पाद की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाए। उन्होंने कहा कि अमरोहा की ढोलक की ब्रांडिंग की जाए जिससे उसे देश और विदेश में नई पहचान मिल सके। उन्होंने उद्योग विभाग से जनपद में पंजीकृत इकाइयों और उद्यमियों को मिल रहे लाभ की जानकारी भी ली तथा कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।
विज्ञापन

-
गर्मी और हीट वेव को लेकर विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
बैठक में बढ़ती गर्मी और हीट वेव को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने विद्युत और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित न हो तथा ओवरलोड और ट्रिपिंग की समस्याओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी स्तर पर पर्याप्त दवाइयों, बेड और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष बेड आरक्षित करने तथा लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई तथा जेनरेटर संचालन की नियमित निगरानी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों से निष्प्रयोज्य हो चुकी एंबुलेंस को हटाया जाए साथ ही जनपद में एंबुलेंस सेवा की मॉनिटरिंग की जाए जिससे मरीजों को इस सुविधा का निर्धारित समय में लाभ मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सब-सेंटर्स पर ताला न लगे हो इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए।

जल जीवन मिशन और सड़कों की गुणवत्ता पर भी जोर
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां पेयजल आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही पानी की गुणवत्ता और पाइपलाइन लीकेज पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि जिले की सभी सड़कें गड्ढामुक्त हों और सड़क चौड़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। हाईवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई।
-
शिक्षा, गोशाला और पुलिस व्यवस्था की भी समीक्षा
उपमुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग से मिशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों की स्थिति और छात्र नामांकन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय खुलने से पहले विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक बच्चों का पंजीकरण कराया जाए और मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत करने के निर्देश दिए। गोशालाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंश सड़कों पर नजर न आएं और गोशालाओं में हरा चारा, पानी तथा अन्य व्यवस्थाएं बेहतर हों। वहीं पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों और स्टंटबाजी करने वाले युवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अमरोहा में 200 बीघा तक बढ़ेगी स्ट्रॉबेरी खेती
मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार मिश्र ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को जिले में संचालित आजीविका दीदी मिशन की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं वर्तमान में लगभग 90 बीघा भूमि पर स्ट्रॉबेरी की खेती कर रही हैं, जिसे बढ़ाकर 200 बीघा तक करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके अलावा जनपद की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी संचालित की जा रही हैं, जबकि सभी 576 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय कार्यरत हैं। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और गांवों में डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है।
......
फ्लीट से हटवाई एंबुलेंस
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपनी फ्लीट से एंबुलेंस को हटवा दिया और कहा अपनी ड्यूटी करो। इस समय मरीजों को ज्यादा जरूरत है। वीआईपी की फ्लीट में एक एंबुलेंस भी रखी जाती है। जिससे जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय मदद की जा सके। जिला अस्पताल की ओर से फ्लीट में एंबुलेंस लगाई गई और चिकित्सकीय मदद दी जा सके। जिला अस्पताल की ओर से एंबुलेंस और चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई। जब डिप्टी सीएम गजरौला पहुंचे तो कहा कि एंबुलेंस को हटा दो। क्योंकि इस समय चिकित्सकों की जरूरत मरीजों को है। मुझे कोई आवश्यकता नहीं है। इसके बाद एंबुलेंस को हटा दिया गया।
.........
सीएमओ और सीएमएस ने मांगे चिकित्सक
समीक्षा बैठक में जब डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सीएमओ और सीएमएस से पूछा तो दोनों अधिकारियों ने कहा कि इस समय चिकित्सकों की कमी चल रही है। जिसे पूरा कराया जाए। हालांकि जिला अस्पताल से पहले ही डीएम के माध्यम से चार चिकित्सकों की मांग का पत्र शासन को भेजा जा चुका है।
.....
भारत का युवा राष्ट्र भक्त
डिप्टी सीएम ने बैठक के बाद कलक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण किया। इसके बाद कहा कि इस समय गर्मी का मौसम है। इसलिए जनपद के लोग विशेष सावधान बरतें और जरूरी न हो तो धूप में न निकलें। एक सवाल के जवाब में कहा कि कॉकरोच पार्टी में बढ़ी रही युवाओं की संख्या बाहरी देशों की ज्यादा है। यहां का युवा राष्ट्र भक्त है और संविधान में भरोसा रखता है। सरकार युवाओं के लिए काफी काम कर रही है। इसलिए यहां का युवा बहकावे में आना वाला नहीं है। सभी लोग राष्ट्र निर्माण के लिए काम करें।
विज्ञापन

...............
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें