अमरोहा के उझारी संभल-उझारी मार्ग पर बुधवार की रात को ट्रैक्टर की टक्कर लगने से बाइक सवार बेटी की मौत हो गई जबकि पिता घायल हो गया। घटना से नाराज लोगों ने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सैदनगली थाना गांव ईशापुर शर्की निवासी हरपाल सिंह क्लीनिक चलाते हैं। बुधवार की रात को वह 13 वर्षीय बेटी रितिका के साथ उझारी से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। उझारी के नजदीक बैंकट हॉल के सामने से ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। जिसमें रितिका की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हरपाल सिंह घायल हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
नाराज ग्रामीणों ने संभल हसनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। जिससे आवागमन प्रभावित रहा। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है जबकि घायल का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।उधर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।