अमरोहा। जनपद के दस गांवों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू हुए डिजिटल क्रॉप सर्वे में अमरोहा ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। एग्री स्टैक योजना के अंतर्गत फसलों के रियल टाइम सर्वेक्षण के लिए यह सर्वे शुरू किया गया था। अमरोहा में 24 अगस्त को शुरू हुए सर्वे का काम 8 सितंबर को पूरा कर लिया। दूसरे नंबर पर आजमगढ़ और तीसरे पर गाजीपुर का स्थान हैं।
शासन द्वारा जनपद में पायलट के तौर पर दस गांवों में डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू कराया गया था। डिजिटल मिशन ऑन एग्रीकल्चर के तहत प्रदेश में उगाई जाने वाली फसलों के लिए रियल टाइम सर्वेक्षण होना था। इसी के तहत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर वर्तमान में खरीफ की फसल का आकलन किया जाना था। शासन की और से जनपद में दस गांवों को सर्वेक्षण में शामिल किया गया। जिसमें मोबाइल के जरिए गांव में पहुंचकर फसल का फोटो और पूरा ब्योरा विभागीय एप में दर्ज किया। सर्वे के दौरान एप के माध्यम से इन गांवों में फसलों का रकबा, कृषि योग्य भूमि सहित अन्य आंकड़े भी एकत्रित किए गए हैं।
-
सर्वे से यह होंगे लाभ
- बैंक द्वारा फसली ऋण का सत्यापन
- फसल बीमा प्रस्ताव का सत्यापन
- न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कृषि उत्पादन का खरीद
- सूखे के दौरान फसल नुकसान होने पर राहत एवं अनुदान का विवरण
- कृषि इनपुट सप्लायर के साथ किसानों को जोड़ने का अवसर
- किसानों को संस्थागत खरीदारों से जोड़ने का अवसर
- किसानों को लक्षित फसल सलाह प्रदान किया जाना
इन बिंदुओं पर हुआ सर्वे
- अभिलेखों के डायनेमिक लिंकिंग के साथ किसानों का डेटा बेस
- ग्राम मानचित्रों का भू संदर्भ
- जीआईएस बेस रियल टाइम क्रॉप सर्वे
जनपद के इन गांवों में हुआ सर्वे
- तहसील अमरोहा
1- मोहम्मदपुर जती
2- फरीदाबाद उर्फ नसीरपुर
3- उमर मोहम्मद
- तहसील मंडी धनौरा
1- महावतपुर
- तहसील नौगावां सादात
1- लोदीपुरवा मजरा
2- इब्राहिमपुर आबाद
3- नाजरपुर कलां
-
तहसील हसनपुर
1- बच्चीखेड़ा कलां
2- मिर्जापुर शर्की
3- मलकपुर ऐहतमाली साबिक
डिजिटल क्रॉप सर्वे में अमरोहा ने प्रदेश में सबसे पहले सर्वे का काम पूरा किया है। खरीफ फसलों के सर्वेक्षण के लिए फिलहाल दस गांवों में सर्वे किया गया था। रवि फसलों के लिए बाकी सभी गांवों का सर्वे किया जाएगा। बताया कि एग्री स्टेक का उद्देश्य किसानों को उनकी फसल की जरूरतों के लिए किफायती ऋण, उच्च गुणवत्ता वाले कृषि इनपुट तक पहुंच और विशेष सलाह सहित विशेष बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एक सुलभ डिजिटल तरीका प्रदान करना है। राम प्रवेश, कृषि उपनिदेशक अमरोहा।