जंगल में पड़ा मिला डिजिटल लॉकर, नकदी गायब
गार्ड ने बताया कि बदमाशों ने शोरूम के अंदर स्थित ऑफिस का ताला भी ग्लैंडर से काट दिया और प्रवेश कर गए। शोरूम में लूट की जानकारी मिलते ही कुछ देर बाद वह शोरूम में आए। उन्होंने देखा कि शोरूम का पीछे का शटर और ऑफिस का ताला भी ग्लैंडर से कटा हुआ था। ऑफिस में रखा जाने वाला डिजिटल लॉकर जंगल में पड़ा मिला था और उसमें रखी 4.70 लाख रुपये की नकदी बदमाश ले गए थे। इसके अलावा बदमाश शोरूम में रखे हेलमेट, जैकेट, जूते भी ले गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने जांच पड़ताल की। शोरूम स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने सुरक्षा गार्ड ओमवीर सिंह के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया।
थाना प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि चोरी का मामला सामने आया है। सुरक्षा गार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। वह पुलिस हिरासत में है। पूछताछ जारी है। उधर शोरूम स्वामी आदित्य सिंह का कहना है कि उन्होंने सुरक्षा गार्ड के खिलाफ तहरीर नहीं दी है, बल्कि उस पर वारदात को अंजाम देने के लिए शक होने की बात कही है।
रास्ते की दीवार पर ईंट लगाकर शोरूम में दाखिल हुए थे बदमाश
बुलट बाइक के शोरूम के पीछे की दीवार काफी ऊंची है, जिसे फांदना आसान नहीं है, लेकिन शोरूम के पीछे बसाई जा रही कालोनी का रास्ता है, जिसमें भराव डाला गया है। रास्ते की मिट्टी न कट जाए, इसलिए शोरूम की दीवार से मिलाकर रास्ते की भी दीवार बनाई गई है। रविवार की रात शोरूम में दाखिल हुए बदमाश रास्ते की दीवार पर ईंट लगाकर शोरूम की दीवार पर चढ़े थे। इसके बाद अंदर को कूद गए। सुबह पुलिस पहुंचने पर दीवार पर रखीं ईंट मिलीं, जिनके सहारे बदमाश शोरूम में दाखिल हुए थे।
..तो शोरूम से पूर्णतय वाकिफ थे बदमाश
रविवार की रात बुलट बाइक के शोरूम में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश शोरूम से पूर्णतया वाकिफ थे। उनको यह पता था कि कहां पर लॉकर रखा है। कैश कहां-कहां रखा जाता है। शोरूम स्वामी आदित्य सिंह के मुताबिक शोरूम में अक्सर लाखों रुपये का कैश रहता है, लेकिन कैश को एक जगह नहीं रखा जाता, बल्कि बदल-बदल कर रखा जाता है। कई बार कैश को रसोई में रखा गया। रविवार की रात वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने शोरूम की रसोई को खोलकर देखा। उसकी तलाशी ली, जिससे प्रतीत होता है कि लूट की घटना में शामिल बदमाश इस बात से वाकिफ थे कि शोरूम में कैश और अन्य सामान कहां रखा जाता है।