अमरोहा में जिस समय मालगाड़ी पलटी उससे चंद मिनट पहले सद्भावना एक्सप्रेस क्रॉस हुई थी। कुछ पत्थर उछल कर सद्भावना एक्सप्रेस के ऊपर भी जाकर गिरे। गनीमत रही सद्भावना एक्सप्रेस मालगाड़ी की चपेट में आने से बाल बाल बच गई। अगर सद्भावना एक्सप्रेस चपेट में आती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 6:45 बजे मालगाड़ी अमरोहा रेलवे स्टेशन से गुजरी थी। मालगाड़ी अप लाइन पर रफ्तार भर रही थी। जबकि सद्भावना एक्सप्रेस दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ आ रही थी।
हादसा होने से चंद मिनट पहले दोनों ट्रेन एक दूसरे से क्रॉस हुई। सद्भावना के क्रॉस होते ही मालगाड़ी तेज धमाके के साथ रेलवे ट्रैक से पलट गई। थोड़ी देर में मालगाड़ी के करीब दस कंटेनर के (डिब्बे) दूर तक बिखर गए।
राहत और बचाव का कार्य शुरू कराया
अमरोहा। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देर रात रेल अधिकारी भी वहां पहुंच गए। एसडीएम सुधीर कुमार की ओर से हादसे की रिपोर्ट तैयार की।
जिसमें बताया कि शाम करीब सात बजे आवास विकास आवासीय कॉलोनी के निकट स्थित अप लाइन पर गेट संख्या 27 पर मालागाड़ी बेपटरी हुई है। देर रात राहत व बचाव कार्य के लिए पुलिस व प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर बुला ली गई हैं और कार्य शुरू करा दिया गया है।
ट्रैक के दोनों ओर है आबादी, हादसे के बाद दौड़े लोग
हादसा स्थल के दोनाें आबादी है। ट्रैक के एक ओर आवास विकास द्वितीय तो दूसरी ओर पुष्कर नगर मोहल्ला है। यहां से लोगों का आवागमन लगातार रहता है। बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय वहां से कोई नहीं गुजर रहा था। वरना जनहानि भी हो सकती थी। उधर, हादसे के दौरान तेज धमाका होते ही लोगों में दहशत फैल गई है। धूल का गुब्बार उठने लगा। जिससे मौके पर अलग माहौल बन गया। मालगाड़ी पलटने का पता लगते ही लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।