अमरोहा। रविवार को अमरोहा पुलिस इलेवन और अधिवक्ता इलेवन के बीच फ्रेंडली मैच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पुलिस इलेवन ने 95 रन से जीत दर्ज की। पुलिस टीम के गौरव बालियान प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए जबकि चेतन सोनी बेस्ट बल्लेबाज रहे।
द आर्यांस एकेडमी के मैदान में अमरोहा पुलिस इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 25 ओवर में टीम ने 197 रन बनाए। अपनी टीम के लिए चेतन सोनी ने 41 गेंद में 58 की जबरदस्त पारी खेली जबकि अभिषेक गिल ने 22 गेंद में 39 रन मारे। इसके अलावा कप्तान सारूल चौहान 10 गेंद में 16 रन बनाकर नॉट आउट रहे। अधिवक्ता इलेवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए अनुज, हारीश, अजहर और अजीत ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ता इलेवन 15 ओवर में 102 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। अपनी टीम के लिए अधिवक्ता इलेवन के कप्तान विजय ठाकुर ने 25 गेंदों में 31 रन की पारी खेली जबकि बालाजी ने 21 और रोहित चंदेल ने 20 रन बनाए। इस दौरान अमरोहा पुलिस इलेवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए गौरव बालियान ने चार ओवर में 29 रन देकर चार विकेट झटके जबकि अभिषेक गिल ने दो ओवर में 12 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं अमित तंवर, अंकित धामा और शारूल चौहान ने भी एक-एक विकेट लिया। इस दौरान विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।