1985 में अमेरिका शिफ्ट हुए थे निखिल के पिता
डॉ. निखिल गोयल के चाचा विनोद गोयल ने बताया कि हमारा परिवार मूल रूप से मंडी धनौरा से है। निखिल के पिता विमल गोयल 1985 के आसपास अमेरिका चले गए थे। वर्तमान में वह अमेरिकी नागरिक के रूप में न्यूयॉर्क में रहते हैं। निखिल ने ब्रिटेन की प्रतिष्ठित कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से समाजशास्त्र में पीएचडी की उपाधि हासिल की। शिक्षा के साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के चलते वह डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं के संपर्क में आए और धीरे-धीरे राजनीति में अपनी पहचान बनाई।
मंडी धनौरा में परिवार में खुशियां
निखिल ने राजनीतिक सफर में पहले प्राथमिक चुनाव में अपनी ताकत दिखाई। फरवरी में हुए डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राथमिक चुनाव में जीत दर्ज कर उन्होंने पार्टी का टिकट हासिल किया। इसके बाद मध्यावधि चुनाव में मुख्य मुकाबले में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार को हराकर स्टेट सीनेटर की सीट अपने नाम कर ली। उन्होंने ने बताया कि इस सीट पर अभी तक रिपब्लिकन पार्टी का कब्जा था। ऐसे में निखिल की जीत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इधर, इस जानकारी के बाद से मंडी धनौरा में रहने वाले उनके परिजनों समेत अन्य शहरों में बसे परिवार के अन्य लोगों के बीच खुशियां छा गई हैं। निखिल के चाचा ने कहा कि दिवाली से पहले ही हम सबके घरों में दीपोत्सव शुरू हो गया है।