हसनपुर-रहरा मार्ग पर तीसरा मिल के पास मंगलवार सुबह एक प्लाॅट में महिला का शव मिला था। महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी। बुधवार को एसपी अमित कुमार आनंद ने हसनपुर कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मामले में महिला के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद थाना पुलिस व एसओजी सर्विलांस की टीम खोजबीन में जुटी हुई थी। इस संबंध में हसनपुर के मोहल्ला कोट पूर्वी मनिहारान निवासी सलीम को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी है। आरोपी ने बताया कि वह फड़ लगाकर कपड़े बेचता था। उसकी दुकान पर महिला का बेटा भी काम करता था। इस बीच महिला से उसके अवैध संबंध हो गए। महिला हर माह आठ हजार रुपये लेती थी। दीपावली पर महिला ने 20 हजार की मांग की थी। इसके अलावा तीन लाख रुपये की भी मांग कर रही थी।
रकम नहीं देने पर कार्रवाई कराने की धमकी भी दी थी। महिला की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उसकी हत्या की योजना बनाई। सोमवार शाम करीब 6.45 पर महिला को बाइक से आरोपी सलीम घटनास्थल पर ले गया और छुरा से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह महिला का मोबाइल व चुनरी लेकर भाग गया। एसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर छुरा, मृतका का मोबाइल, चुनरी और बाइक बरामद की गई है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम 15 हजार रुपये का नकद इनाम भी दिया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में ये रहे शामिल
-प्रभारी निरीक्षक हसनपुर प्रेमपाल सिंह, एसएसआई अमित कुमार, हेड कांस्टेबिल पवन राणा, कांस्टेबल अतुल कुमार, गौरव कुमार व विकास कुमार और एसओजी सर्विलांस टीम से प्रभारी सर्विलांस बिजेंद्र मलिक, प्रभारी एसओजी कुलदीप तोमर, गौरव शर्मा, वाजिद अली, प्रवेश कुमार, अरविंद कुमार, अंकुर कुमार, लव चौधरी आदि शामिल रहे।
आठ माह पहले बने थे महिला से अवैध संबंध
एसपी ने बताया कि महिला के आरोपी सलीम से आठ माह पहले अवैध संबंध हुए थे। आरोप सलीम की अभी शादी नहीं हुई थी। आरोपी का महिला का घर अक्सर आना जाना लगा रहता था।
हत्या के बाद सरकारी नल पर धोए हाथ
हत्यारोपी सलीम ने पूछताछ में बताया कि महिला की गला काटकर हत्या करने के बाद उसने पास में ही एक सरकारी नल पर खून से सने हाथ धोए और कपड़ों पर लगा खून साफ किया।
धनौरा में जाकर नाले में फेंका मोबाइल, बरामद
एसपी ने बताया कि हत्यारोपी सलीम ने महिला की हत्या के बाद छुरा व खून से सने अपने कपड़ों को अपनी टाटा मैजिक वाहन में छुपा दिया जबकि महिला के मोबाइल को तोड़कर धनौरा पहुंच गया। धनौरा में ही झांडियों में मोबाइल की बैटरी फेंकी व नाले में मोबाइल फेंक दिया। पुलिस ने मोबाइल का टूटा हुआ मोबाइल बरामद कर लिया है।
व्हाट्एसप पर कॉल करके महिला को बुलाया था अपने पास
एसपी ने बताया कि हत्यारोपी सलीम कक्षा तीन तक पढ़ा हुआ है लेकिन उसने हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए शातिर तरीके से महिला को अपने पास बुलाया। वह नॉर्मल कॉल भी कर सकता था लेकिन उसने व्हाट्सएप कॉल करके महिला को अपने पासा बुलाया और बाइक पर बैठाकर घटनास्थल पर ले गया।
दो दिव्यांग बच्चों का पालन पोषण बनी चुनौती
जिस महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। उस महिला पर पांच बच्चे हैं। जिसमें से तीन बेटे व दो बेटियां हैं। दो बेटे दिव्यांग हैं। बच्चों के पिता राजमिस्त्री हैं। बच्चों की मां की मौत के बाद बच्चों का पालन पोषण पिता के लिए चुनौती बन गया है। उनमें जो दो दिव्यांग बच्चे हैं। उनका सबसे ज्यादा देखभाल करने की जरूरत है।