अमरोहा। किसान इंटर कॉलेज ड्योढ़ी वाजिदपुर में सोमवार को 70वीं मंडलीय कबड्डी बालक-बालिका प्रतियोगिता हुई। बालक वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में अमरोहा ने खिताब जीता। वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा की पारुल और सुबहाना का प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. निशांत कुमार यादव, पर्यवेक्षक डॉ. धर्म सिंह, प्रधानाचार्य हेमलता, प्रबंधक हितेंद्र सिंह और अध्यक्ष समरपाल सिंह ने दीप जलाकर किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना और अनुशासन का महत्व बताया।
अंडर-14 और अंडर-17 बालक वर्ग में अमरोहा ने बिजनौर को हराकर खिताब जीता, जबकि अंडर-19 में संभल को शिकस्त दी। बालिका वर्ग के अंडर-14 और अंडर-17 में बिजनौर विजेता रहा। अंडर-19 में अमरोहा ने संभल को हराकर चैंपियनशिप जीती।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा की कक्षा 11 की पारुल और कक्षा 10 की सुबहाना का गोरखपुर में होने वाली प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। प्रतियोगिता का संचालन माध्यमिक शिक्षा के खेल सचिव विजय सिंह, खेल प्रभारी सुरेंद्र सिंह और शिक्षक योगेश कुमार ने किया। रेफरी वीर सिंह, शाहआलम, अमित कुमार, अनुज शर्मा, सविता, नेहा और राजलक्ष्मी रहे।