अमरोहा। कोरोना काल में पिछले करीब नौ महीने से बंद पड़ी दिल्ली और उत्तराखंड रूटों की बस सेवा बहाल हो गई है। दोनों प्रांतों को रोडवेज सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिली है। इसके अलावा अन्य रूटों की बस सेवा लगातार जारी है।
रविवार को डिपो इंचार्ज भरत सिंह बताया कि हरिद्वार (उत्तराखंड) के लिए सीधे रोडवेज बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। वहीं काफी समय से अमरोहा डिपो से कौशांबी तक जा रही रोडवेज बसों को अब सीधे दिल्ली तक संचालित किया जा चुका है। अब अमरोहा डिपो से दिल्ली और उत्तराखंड के लिए रोजाना बसों का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल की पहली लहर के दौरान शासन के निर्देश पर दोनों प्रांतों से संबंधित बसों को रोक दिया गया था।