दीपावली के त्योहार पर शनिवार रात शहर के मोहल्ला लकड़ा में गोवंश का मांस मिलने से हंगामा हो गया। रज्जाक चौकी से महज 100 कदम की दूरी पर मछली वाली गली में मीट की दुकान के पास ई-रिक्शा में बड़ी मात्रा में मांस मिलने की सूचना पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भड़क गए।
चौकी इंचार्ज की शह पर गोकशी कराने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने मांस सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लकड़ा चौराहे पर जाम लगा दिया। सीओ और कोतवाल से तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ने की आशंका पर कई थानों का पुलिस बल बुलाना पड़ा।
घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की है। मछली वाली गली में एक मीट की दुकान पर अवैध रूप से मांस उतारा जा रहा था। मांस ई-रिक्शा में रखा था। इसी दौरान एक बाइक की टक्कर सड़क पर खड़े ई-रिक्शा से हो गई। इसके बाद ई-रिक्शा से गोवंशीय पशुओं के अवशेष सड़क पर बिखर गए, जिससे हंगामा हो गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और ई-रिक्शा को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी देखकर मीट विक्रेता मौके से भाग निकला, जबकि ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया गया। इसी बीच बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गोकशी होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कार्यकर्ता मांस लदे ई-रिक्शा को खींचकर लकड़ा चौराहे पर ले आए और सड़क पर मांस रखकर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार और शहर कोतवाल सीपी शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक होती रही। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर नौगावां सादात, अमरोहा देहात और डिडौली कोतवाली से भी पुलिस बल बुला लिया गया।
बजरंग दल के प्रांत गोरक्षा प्रमुख हेमंत सारस्वत ने मांग करते हुए कहा कि जिस मकान में गोकशी हुई है, उसे सील कर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जाए। आसपास के घरों में भी जांच होनी चाहिए। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।