गजरौला। तिगरी गंगा मेले की तैयारियां पूरी होने से पहले ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। गंगा किनारे रेतीले मैदान में शिविर लगाने की होड़ मची है। बृहस्पतिवार शाम तक 50 से अधिक परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मेला स्थल पर पहुंच गए। कोई तंबू लगाने तो कोई मनपसंद जगह तलाशने में जुटा है।
मेले का विधिवत शुभारंभ 20 नवंबर को होना है, लेकिन श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह है। वर्षों से शिविर लगाने वाले परिवार कई दिन पहले ही पहुंचने लगे हैं। गंगा किनारे की जगह पाने के लिए लोग पहले से तैयारी कर रहे हैं।
गजरौला के प्रभुवन गांव निवासी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दीपावली और भैया दूज का त्योहार नहीं होता तो वह कई दिन पहले ही मेले में आ जाते। उन्हें और उनके साथियों को पूरे साल गंगा मेले का इंतजार रहता है। परिवार और परिचितों के साथ समय बिताने का अलग ही आनंद है।
खंडसाल कलां निवासी रीना ने बताया कि वह बचपन से तिगरी मेले में आ रही हैं। पहले पहुंचने से गंगा किनारे मनपसंद जगह पर शिविर लगाने का मौका मिल जाता है। इसी वजह से वह इस बार भी जल्दी पहुंच गईं। श्रद्धालुओं के आने से मेला स्थल पर रौनक बढ़ने लगी है।