अमरोहा। जिले में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। सोमवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण अधिकांश गैस एजेंसियां बंद रहीं, जिससे उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ गईं।
अपनी जरूरी जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर पहुंचे, लेकिन वहां के बंद शटर देखकर उन्हें मायूस होकर खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। गैस का संकट केवल जिला मुख्यालय तक ही सीमित नहीं है, बल्कि नौगावां सादात, जोया, हसनपुर, मंडी धनौरा और गजरौला में भी स्थिति कमोबेश ऐसी ही है।
इस किल्लत का सबसे बुरा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है जिनके घरों में इस समय शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यक्रम चल रहे हैं। गैस सिलिंडर नहीं मिलने से इन परिवारों के सामने भोजन की व्यवस्था करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित उपभोक्ता लगातार जिला पूर्ति कार्यालय और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कहीं से भी कोई ठोस समाधान या राहत नहीं मिल रही है। अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर आपूर्ति की स्थिति जस की तस बनी हुई है।सोमवार को छुट्टी के कारण लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पाया। मंगलवार को गैस एजेंसियों पर भीड़ उमड़ने की संभावना है। संवाद