अमरोहा। दस दिन पहले अमन खान की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। उसकी ओवरब्रिज से धक्का देकर हत्या की गई थी। पुलिस में मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही किशोरी की मां और पिता के दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक लखीमपुर खीरी जनपद के औरंगाबाद निवासी जमील खां का बेटा अमन खान तीन साल से नौगांवा सादात के दौलतपुर गांव में जैकेट के कारखाने में सिलाई का काम करता था। अमन खान का कारखाने के सामने रहने वाली किशोरी से प्रेम प्रसंग हो गया। उसके बाद अमन खान दिल्ली जाकर सिलाई का काम करने लगा। 27 मई को किशोरी ने अमन खान को फोन करके घर से जाने के लिए कहा। यह भी बताया कि अमन खान की वजह से उसके परिजन मारपीट करते हैं। यह बात सुनकर उसी दिन रात को करीब 11:30 बजे अमन खान दिल्ली से नौगांवा सादात पहुंचा और किशोरी से मुलाकात की।
जिसके बाद 28 मई की दोपहर 2:30 बजे दोनों वहां से चले गए। लेकिन किशोरी के परिजनों ने भी उनका पीछा शुरू कर दिया। 28 मई की रात करीब 4 बजे जोया रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे किशोरी को छोड़कर अमन खान टेंपो लेने चला गया। तभी पेट्रोल पंप के पास खड़े अमन खान को किशोरी की मां हाजरा, इरशाद, शमीम और आसिफ ने पकड़ लिया और मारपीट करते हुए ओवरब्रिज के ऊपर ले गए। यहां से चारों ने मिलकर अमन खान को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इस घटना में अमन की मौके पर मौत हो गई। जबकि किशोरी वहां से भाग कर मृतक अमन खान के घर औरंगाबाद पहुंच गई।
यहां किशोरी ने वीडियो वायरल करके पूरी घटना की जानकारी दी। इस मामले में नौगांवा सादात पुलिस ने किशोरी के बयान लिए थे। जबकि, देहात थाना पुलिस को मृतक अमन खान के परिजनों की ओर से तहरीर का इंतजार था। लेकिन, शनिवार को मृतक अमन खान के पिता जमील खां देहात थाने पहुंचे और किशोरी के परिजनों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में पुलिस ने किशोरी की मां हाजरा, पिता के दोस्त इरशाद, शमीम और आसिफ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। साथ ही हाजरा और इरशाद को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले में हाजरा और इरशाद को गिरफ्तार करके न्यायालय पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। अन्य दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।
-