अमरोहा। गोशाला की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाकर तिगरी खादर और बसंतपुर के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। डीएम-एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को तिगरी खादर बसंतपुर के ग्रामीण इकट्ठा होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां डीएम बीके त्रिपाठी को शिकायतीपत्र देकर आरोप लगाया कि मूलरूप से हापुड़ जनपद के गांव मानकचौक के रहने वाले विजेंदर सिंह आरती गोशाला में कार्य करते हैं। आरोप है कि कुछ लोग जबरन गोशाला की भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
भूमाफिया गोशाला में काम करने वाले लोगों को धमका रहे हैं। 30 दिसंबर 2022 की शाम करीब चार बजे भूमाफिया लाठी-डंडों के साथ ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर गोशाला में घुस आए। गोशाला के पीछे जमीन में खड़ी फसल को काटने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। 12 फरवरी शाम को फिर गोशाला में घुस आए और काम करने वाले मजदूरों को बंधक बना लिया। पीड़ितों ने मामले की शिकायत थाना पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा पीड़ितों ने एसपी और डीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।