अमरोहा। बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को नामांकनपत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें सभी प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए। बुधवार को नाम वापसी की प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद अब चुनावी तस्वीर 15 अप्रैल को नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कचहरी परिसर पूरी तरह चुनावी माहौल में रंग चुका है और अधिवक्ताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं प्रत्याशी अधिवक्ता घर जाकर भी साथ वकीलों के वोट की अपील कर रहे हैं। इस बार बार एसोसिएशन चुनाव में कुल 12 पदों के लिए 57 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक और कड़ा माना जा रहा है।
खासकर अध्यक्ष और सचिव पद के लिए जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों ही पदों पर छह-छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिससे चुनावी प्रतिस्पर्धा और भी दिलचस्प हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए चैन सुख गोले, कपिल कुमार चिकारा, आदिश खान सैफी, संजय कुमार शर्मा, अख्तर हुसैन और महाराज सिंह मैदान में हैं। वहीं महासचिव पद के लिए अरशद भारती, दिनेश चौहान, धर्मेंद्र सिंह, फारूक अहमद, विशाल कुमार शर्मा और निरंकार सिंह ने दावेदारी पेश की है।
सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। सोमवार को कचहरी परिसर में नामांकन पत्रों की जांच के दौरान किसी भी प्रत्याशी के नामांकन में कोई खामी नहीं पाई गई, जिससे सभी उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने हुए हैं। अब प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजरें 15 अप्रैल पर टिकी हैं, जब नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी और अंतिम उम्मीदवारों की सूची सामने आएगी। इसके बाद 21 अप्रैल को मतदान और 22 अप्रैल को मतगणना प्रस्तावित है। ऐसे में चुनावी माहौल दिन-प्रतिदिन और गर्म होता जा रहा है। कचहरी के बार रूम से लेकर अधिवक्ताओं के चेंबर तक हर जगह चुनावी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्रत्याशी अधिवक्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर समर्थन जुटाने में जुटे हैं। चेंबरों पर जाकर वोट मांगने के साथ-साथ गोपनीय बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। खासकर युवा अधिवक्ताओं को अपने पक्ष में करने के लिए सभी उम्मीदवार पूरी ताकत झोंक रहे हैं। कुल मिलाकर इस बार बार एसोसिएशन का चुनाव बेहद दिलचस्प और कड़े मुकाबले वाला होने जा रहा है, जिसकी तस्वीर 15 अप्रैल के बाद पूरी तरह साफ हो जाएगी।