अमरोहा। कैलसा बाईपास मार्ग स्थित बस्ती निवासी मोहम्मद अहमद ने चाकू से एक ही वार ऐसा किया कि सौतेले पिता जावेद की जान चली गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। जावेद की सांस की नली कट गई थी। बुधवार को मोहल्ले के लोग इस हत्याकांड की चर्चा करते रहे। वहीं, पति की हत्या से सुधबुध खोई आरोपी की मां के हालात सही नहीं हैं।
मंगलवार सुबह कैलसा बाईपास मार्ग स्थित बस्ती में सौतेले बेटे मोहम्मद अहमद ने पिता जावेद की चाकू से गर्दन रेत कर हत्या कर दी थी। सुबह साढ़े चार बजे जब मोहम्मद अहमद सोकर उठा तो उसी वक्त आहट से अचानक जावेद की भी आंख खुल गई थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। गुस्साएं मोहम्मद अहमद ने सौतेले पिता जावेद को जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद मोहम्मद अहमद ने घर में रखे चाकू से गर्दन पर वारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मां ने तहरीर देकर अपने सगे बेटे के खिलाफ पति की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार देर शाम जावेद के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। बेटे के द्वारा पति की हत्या से आरोपी की मां सदमे में हैं। वह अभी तक होश-हवाश में नहीं है।