नगर में फिर से एक डेंगू आशंकित मरीज मिलने से सेहत महकमे में हड़कंप मचा है। डेंगू के लिए की जाने वाली एनएस-वन जांच पॉजिटिव आई है। मरीज में डेंगू की पुष्टि के लिए एलाइजा टेस्ट को सैंपल मेरठ भेेेजा गया है। शहर में पिछले एक माह में अब तक तीन डेंगू आशंकित मरीज मिल चुके हैं।
जिला अस्पताल पर अब तक चार डेंगू आशंकित मरीजों का एनएस-वन टेस्ट किया जा चुका है। जिनमें तीन शहर के जबकि एक मरीज जोया का है। मरीजों की एलाइजा जांच के बाद तीन में डेंगू की जांच निगेटिव आई, तब जाकर विभाग ने राहत की सांस ली। शनिवार को शहर के मोहल्ला लकड़ा में फिर से एक डेंगू आशंकित मरीज की एनएस-वन जांच की गई। जांच पॉजिटिव आने के बाद सैंपल को एलाइजा टेस्ट के लिए भेजा गया है। जिला अस्पताल के डॉ. प्रांजल मिश्रा ने बताया कि मरीज की एनएस-वन जांच पॉजिटिव आई है। डेंगू की पुष्टि के लिए सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजा है। तब तक मरीज का इलाज किया जा रहा है।