जांच में नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव बांसखेड़ी निवासी मौलाना गुफरान के सुहैल से संबंध होने की बात सामने आई थी। कई दिनों की पूछताछ के बाद 20 अप्रैल 2019 को एनआईए ने गुफरान को भी गिरफ्तार कर तेरहवां आरोपी बनाया। गिरफ्तारी के करीब छह महीने बाद एनआईए ने मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी थी।
चार्जशीट में हरकत-उल-हरब-ए-इस्लाम के सरगना मुफ्ती सुहैल समेत सईद और मौलाना गुफरान के नाम चार्जशीट में शामिल थे। उधर, शनिवार को अमरोहा नगर के कटरा बख्तावर के रहने वाले सैदुल अमीन का नाम जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड से हमला करने के उजागर होने के बाद अमरोहा सुर्खियों में आ गया है।
इसके बाद केंद्रीय एजेंसियां और यूपी एटीएस सक्रिय हो गई है। पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि सैदुल अमीन के लिंक आतंकियों से जुड़े हैं। उधर, सैदुल अमीन की गिरफ्तारी के बाद अमरोहा के लोग हैरत में हैं।
सैदुल की मां से पूछताछ करेगी एनआईए
जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड से हमला करने वाले सैदुल अमीन की मां को एनआईए ने दिल्ली स्थित अपने दफ्तर बुलाया है। उन्हें इसकी जानकारी एक महिला अधिकारी ने फोन पर दी थी। एनआइए सैदुल अमीन के भाजपा नेता के घर पर किए हमले के बारे में उसकी मां से पूछताछ करेगी।
पिता की तीन साल पहले मौत के बाद सैदुल अमीन अमरोहा के मोहल्ला कटरा बख्तावर में अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता है। उसकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। वह मां के साथ टूटे घर में रहता है।
वर्तमान में सैदुल अमीन दिल्ली के शादीपुर में वेल्डिंग का काम करता है। रमजान के पूरे महीने में घर पर ही था। ईद के तीन दिन बाद सैदुल अमीन दिल्ली गया था। इसके बाद नौ अप्रैल को घर वापस लौटा था। उसने अपनी मां को आधार कार्ड लेने आने की बात कही थी।
इसके बाद 11 अप्रैल को जुमे की नमाज के बाद सैदुल अमीन दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकल गया था। उसे दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के इनपुट पर केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की टीमों ने की।
जालंधर पुलिस ने सैदुल अमीन को भाजपा नेता के घर हुए हमले का मुख्यारोपी माना है। साथ ही उसके आतंकियों से जुड़े होने का दावा किया है। चर्चा है कि सैदुल अमीन की मां अपने वकील और परिजनों से साथ सोमवार की सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगी।