अमरोहा तहसील में मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। अधिवक्ताओं पर लगातार हो रहे हमलों के विरोध में प्रदेशव्यापी आह्वान पर सोमवार को अधिवक्ता हड़ताल पर रहे, जिससे वादकारियों को परेशानी उठानी पड़ी। वकीलों ने ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
सोमवार को यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन के आह्वान पर जनपद बार एसोसिएशन, जनपद अमरोहा बार एसोसिएशन, अमरोहा सदर तहसील बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से वितर रहे। मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अफसरों को सौंपे। कहा कि प्रदेश में लगातार अधिवक्ता के साथ घटनाएं घट रही हैं। प्रदेश के अधिवक्ताओं के साथ मारपीट और हत्या की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। पांच से अधिक दिवंगत अधिवक्ताओं के आश्रितों के आवेदनों की पत्रावली भुगतान के लिए लंबित पड़ी है। उनका तत्काल भुगतान किया जाए। सरकार पूर्व की भांति 40 करोड़ न्यासी समिति को दावों के भुगतान के लिए तत्काल दिए जाएं। जिससे अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान हो सके। बार काउंसिल उत्तर प्रदेश इलाहाबाद द्वारा जारी पहचानपत्र को प्रदेश के समस्त उच्च न्यायालय, जनपद और तहसील न्यायालयों में मान्य किया जाए। इस दौरान अजीम अहमद, रमेश चंद्र, मुस्ते हसन खान, महफूज अली, हबीब अहमद, शमीम अहमद, हुकम सिंह, हरज्ञान सिंह प्रजापति, शकील अहमद, सतेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र कुमार, प्रमोद भटनागर, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।