सोशल मीडिया पर कांग्रेस की कैंपेनिंग करने वाली टीम में राष्ट्रीय छात्र संगठन के उत्तराखंड प्रभारी और बछरायूं निवासी अदनान अशरफ को भी शामिल किया गया है। टीम में अदनान अशरफ मुरादाबाद मंडल की ओर से शामिल किए गए एकमात्र कांग्रेसी हैं।
पार्टी के सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के रणनीतिकार समाज के विभिन्न वर्गों के प्रभावशाली लोगों का पूरा ब्योरा एकत्र कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के लोगों के फोन नंबर, ईमेल आइडी और ट्विटर अकांउट भी कांग्रेसियों द्वारा एकत्र किए जा रहे हैं। यह सब कांग्रेस के सोशल मीडिया कैंपेनिंग के प्रभारी प्रशांत किशोर की टीम को भेज रहे हैं।
अदनान अशरफ का दावा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन से सियासी लोग भौचक्के रह जाएंगे। उत्तर प्रदेश में स्वयं का वजूद बचाए रखने की जददोजहद कर रही कांग्रेस बिहार विधानसभा के चुनाव में अपना हुनर साबित कर चुके प्रशांत किशोर के इशारों पर चलने लगी है। सोशल मीडिया के महत्व को देखते हुए प्रशांत किशोर सबसे पहले इसके जरिए कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास की जानकारी देकर प्रदेश के लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
सोशल मीडिया कैंपेनिंग के लिए समाज के सभी प्रबुद्ध वर्ग जिसमें प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के लोग भी शामिल हैं के ई-मेल आईडी, टिवटर-फेसबुक अकाउंट एकत्र किए जा रहे हैं इन्हें पार्टी मुख्यालय को भेजा जाएगा। -चौधरी सुखराज सिंह जिलाध्यक्ष कांग्रेस