अमरोहा। देहात थानाक्षेत्र में मनचले द्वारा छात्रा अपहरण करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया। परिजनों ने मनचले की धमकी से छात्रा के काॅलेज जाने पर रोक लगा दी थी।
यह मामला अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। यहां के किसान की नाबालिग बेटी निजी स्कूल में 12वीं की छात्रा है। आरोप है कि जून के महीने में एक युवक उनके घर आया था। जिसके बाद वह किसी बहाने से घर का मोबाइल नंबर ले गया। बाद में नाबालिग बेटी से बात करने लगा। परिजनों के कई बार समझाने के बावजूद भी वह मानने को तैयार नहीं था। इतना ही नहीं छात्रा की फोटो अपने पास होने का दावा कर ब्लैकमेल कर रहा था। कॉलेज जाते समय उठाने की धमकी दे रहा है। बेटी के अपहरण के डर से परिजनों ने उसके कॉलेज जाने पर पाबंदी लगा दी। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में आरोपी अजय निवासी जगुवा कला थाना रजबपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।