अमरोहा। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव तिगरी की रहने वाली एक महिला ने पुलिस पर लापरवाही और पक्षपात का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
मंगलवार को विमलेश अन्य महिलाओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंची और आरोप लगाया कि 19 मार्च की सुबह करीब 11 बजे गांव में राजस्व व वन विभाग की टीम के आने के दौरान उनके जेठ घासी सिंह सेवानिवृत्त लेखपाल को विपक्ष के लोगों ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियारों, फावड़ा व लोहे के सरियों से हमला कर दिया। शोर होने पर बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के गौरव कुमार, सोनम, पिंकी व हुकम सिंह पर भी हमला किया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज चल रहा है। महिला का आरोप है कि गंभीर चोटों के बाद भी गजरौला पुलिस ने
इस मामले में गंभीर धाराओं के बजाय सामान्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने न तो घायलों का मेडिकल कराया और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी की। पुलिस ने इस मामले में ऐसे युवक का चालान कर दिया। जो मौके पर ही नहीं था। घटना की सीसीटीवी फुटेज उसके पास मौजूद है, जिसे वह जांच के लिए उपलब्ध करा सकती है। इसके बावजूद पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच नहीं की। महिला ने डीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। दोषियों को जेल भेजा जाए। इस दौरान सोनम, पिंकी, सुरभि, प्रियंका, सुमित, जग रोशनी, अभिषेक, पूजा, मधु, हरवती, तारावती, नीतू आदि मौजूद रहे।