हसनपुर। दि किसान सहकारी चीनी मिल कालाखेड़ा में हुए घोटाले के विरोध में भारतीय किसान यूनियन बीआर आंबेडकर के कार्यकर्ताओं ने तहसील में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. दिग्विजय सिंह भाटी ने आरोप लगाया कि करोड़ों का घोटाला हुआ है, उसमें मिल के अधिकारी भी शामिल हैं। उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए।शुक्रवार दोपहर को ढोलक एवं बाजे के साथ कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम हिमांशू उपाध्याय को सौंपा। जिसमें कहा कि कालाखेड़ा चीनी मिल में हुए घोटाले के मामले में चीनी मिल के अधिकारियों ने मिल के 15 कर्मचारियाें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उनकी सेवा समाप्त कर दी गई है। लेकिन इस घोटाले के मास्टरमाइंड कोई ओर हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मामले में गहराई से जांच कराई जाए। जांच सीबीआई को सौंपी जाए। आरोप है कि तौल, गन्ना पर्ची वितरण और भुगतान प्रक्रिया में बड़े स्तर पर धांधली की गई। कहा कि ब्लॉक कालोनी में बने कई घरों में बिजली चोरी की जा रही है। उसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई कराई जाए। आम उपभोक्ता का मामूली बिजली बिल बकाया होने पर तुरंत कनेक्शन काट दिया जाता है, लेकिन सरकारी परिसरों में वर्षों से बिना मीटर बिजली उपयोग होने के बावजूद कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इस मौके पर धर्मपाल यादव, मतलूब, रिहान चौधरी, गौतम गुर्जर, जफर रजा, कोहली भारती, महेंद्र यादव, पवन सैनी, मेवाराम खड़गवंशी, कुलदीप सिंह, अभिषेक त्यागी, रूम सिंह खड़गवंशी, सोनू गुर्जर मौजूद रहे।