गजरौला में हाईवे पर हवेली होटल के आगे हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कैंटर को देखते लोग।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला (अमरोहा)। बिलासपुर से ब्रजघाट जा रही बस गलत साइड से आ रहे कैंटर से टकरा गई। आमने-सामने की भिड़ंत में बस के परिचालक और कैंटर में सवार ठेकेदार और एक युवक की मौत हो गई। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हो गए। बस में सवार लोग बिलासपुर (रामपुर) से सर्राफ का शव लेकर ब्रजघाट अंत्येष्टि करने जा रहे थे। दूसरी ओर कैंटर सवार लोग दूध लेकर आ रहे थे। हादसे के बाद बस हाईवे स्थित एक होटल में घुस गई। हादसे में गंभीर घायल तीन लोगों को मेरठ रेफर कर दिया गया है।
मंगलवार की अपराह्न लगभग तीन बजे हादसा हाईवे पर होटल हवेली के सामने कट पर हुआ। बिलासपुर (रामपुर) के मोहल्ला साहूकारा निवासी सराफा कारोबारी अशोक रस्तोगी (62) की मृत्यु होने के बाद शव को अंत्येष्टि के लिए ब्रजघाट लेकर जा रही तेज रफ्तार बस अचानक कट पर गजरौला की दिशा से मुड़ रहे कैंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं बेकाबू बस हवेली होटल के लॉन में घुस गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। बस के परिचालक सुभाष निवासी रूद्रपुर (उत्तराखंड) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोनों वाहनों में सवार बीस से अधिक लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची चौपला पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों को खींचकर बाहर निकाला। साथ ही घायलों को सीएचसी भिजवाया। वहीं कैंटर में सवार दूध कारोबारी वकील पुत्र शहाबुद्दीन निवासी अफसरपुर फैय्याजनगर डिडौली (अमरोहा) और अफसर अली (47) पुत्र अख्तर हुसैन निवासी मनोटा असमोली (संभल) की मेरठ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। बस में सवार स्वर्गीय अशोक रस्तोगी के पुत्र अनिल रस्तोगी सहित 20 से अधिक लोग घायल हो गए। कैंटर को मुजीबुर्रहमान निवासी गांव दमोई थाना असमोली (संभल) चला रहा था। सीएचसी से तीन लोगों को मेरठ रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर जयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।