सैदनगली। रिश्तेदारी में जा रहे बाइक सवार किसान को गन्ने से लदे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस ने ट्रक और आरोपी चालक को कब्जे में ले लिया है। देर रात तक मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
यह सड़क हादसा सैदनगली थाने के सामने हुआ है। संभल में असमौली थानाक्षेत्र के घंसुरपुर निवासी खेम सिंह का बेटा अमरपाल (30) किसानी करता था। सोमवार शाम वह बाइक पर सवार होकर किसी रिश्तेदारी में जा रहा था। अभी उसकी बाइक सैदनगली थाने में सामने पहुंची ही थी कि तभी गन्ने से लदे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक के परखचे उड़ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आ गई। आरोपी चालक को ट्रक सहित कब्जे में ले लिया गया जबकि मृतक की शिनाख्त उसकी जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर की गई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, रोते-बिलखते परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। किसान की मौत के बाद परिजन रोते बिलखते नजर आए।