सैदनगली में हादसे में बाद क्षतिग्रस्त इनोवा कार।
- फोटो : JPNAGAR
सैदनगली/उझारी। सैदनगली ढक्का मोड़ पर रिश्तेदारों से भारी इनोवा कार और क्रेन की भिड़ंत हो गई। हादसे में बदायूं के सोलह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से निकालकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में महिला सहित आठ लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
बदायूं निवासी कमलेश कुमार बीमारी के चलते पंजाब के लुधियाना शहर स्थित एक अस्पताल में भर्ती है। शनिवार को उनका बेटा सुभाष अपने परिजन और रिश्तेदारों के साथ इनोवा कार में सवार होकर पिता को देखने के लिए लुधियाना गया था। मंगलवार की सुबह सभी बदायूं लौट रहे थे। कार सवार हसनपुर-संभल रोड पर सैदनगली थानाक्षेत्र के ढक्का मोड़ के निकट कृष्णा पब्लिक स्कूल के सामने पहुंचे तभी सामने से आ रही क्रेन से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे से कार सवारों में चीखपुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसओ राजीव कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुुंच गए। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में पार्वती देवी, मीना रानी, नंदराम, सुभाष, आलोक कुमार, संगीता देवी, प्रताप सिंह, लवली देवी, नंदिनी, अर्चित कुमार, दिव्यांश कुमार, अंश कुमार, कशिश देवी, सुभाष चंद्र, निशा रानी सहित 16 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कार और क्रेन को अपने कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा करा लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया की अभी तक किसी की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।