अमरोहा में ट्रेन की चपेट में आकर मजदूरों की मौत के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। मालगाड़ी की चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों दोस्त थे और रिक्शे से कॉटनवेस्ट कारखानों में माल की ढुलाई करते थे। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला तलवार शाह के सामने रेलवे ट्रैक की है। बाबू खां और कमरुद्दीन इसी मोहल्ले में परिवार के साथ रहते हैं। बाबू खां का बेटा यामीन (38) और कमरुद्दीन का बेटा वसीम (35) दोनों रिक्शा चलाकर कॉटनवेस्ट का माल ढोने का काम करते थे। दोनों में दोस्ती थी। बुधवार की शाम करीब सात बजे दोनों मोहल्ले के सामने ट्रैक के पास से गुजर रहे थे। अचानक ट्रैक पर पहुंचे और मालगाड़ी की चपेट में आ गए। माना जा रहा है कि उसी समय एक अन्य ट्रेन गुजरने से दूरी बनाने के लिए वह मालगाड़ी वाले ट्रैक पर पहुंच गए। मालगाड़ी से कटकर दोनों की मौत हो गई।
दो दोस्तों की जान जाने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। मौके पर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंच गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।