अमरोहा/सैदनगली। सैदनगली से ड्यूटी कर हसनपुर लौट रहे बाइक सवार हेड कांस्टेबल को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से बरेली रेफर कर दिया है। सिपाही की हालत गंभीर बनी हुई।
बदायूं के रहने वाले नरेंद्र सिंह यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। वर्तमान में वह हसनपुर के राजपूत कालोनी में रहते हैं। उनकी ड्यूटी सैदनगली थानाक्षेत्र में 112 डायल पर चल रही है। शुक्रवार की रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह बाइक से हसनपुर लौट रहे थे। अभी वह उझारी के निकट ढबारसी तिराहे पर पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका दाहिना पैर कुचल गया। आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सैदनगली पुलिस मौके पर पहुुंच गई। घायल हेड कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उन्हें गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया है। एसओ राजीव शर्मा ने बताया कि हेड कांस्टेबल की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। ट्रक के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।