रूखालू (अमरोहा)। बेकाबू ट्रक ने पीछे से गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे विद्युत ट्रांसफार्मर में जा घुसा। विद्युत पोल में टक्कर लगते ही ट्रांसफार्मर ट्रैक्टर पर आ गिरा। ट्रैक्टर पर सवार दो सगे भाइयों ने कूदकर जान बचाई। टक्कर लगते ही बिजली की चिंगारियों से स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा गया। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकरौली मिलक निवासी सुनील अपने भाई सीताराम के साथ गुरुवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली हसनपुर-रहरा मार्ग पर मंगरोला-रुस्तमपुर गांव के बीच पहुंची। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े विद्युत ट्रांसफार्मर के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विद्युत पोल टूटकर और ट्रांसफार्मर समेत ट्रैक्टर पर गिर पड़ा। विद्युत पोल के गिरते ही दोनों भाई ट्रैक्टर से कूद कर जान बचाई। टक्कर के बाद तारों में चिंगारी निकलने लगी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आननफानन में ग्रामीणों ने बिजली घर को फोन कर विद्युत आपूर्ति को बंद कराया। इस दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।