हसनपुर(अमरोहा)। क्षेत्र के गांव में पटाखा जलाते समय हादसा हो गया। जिसमें पांच बच्चे बुरी तरह झुलस गए। झुलसे बच्चों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें से गंभीर हालत होने पर दो बच्चों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। उधर, एक अन्य गांव में पटाखा जलाते समय युवक झुलस गया।
यह घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर में सोमवार सुबह करीब 8:00 बजे हुई। गांव में सोमपाल सिंह और देवराज सिंह दोनों भाइयों के परिवार रहते हैं। सोमपाल का 10 वर्षीय बेटा विवेक और 6 वर्षीय बेटी छबिया और देवराज का 9 वर्षीय बेटा गजेंद्र, 7 वर्षीय बेटा कोशिंदर और 6 वर्षीय बेटी कविता घर के बाहर पटाखे जला रहे थे। एक पटाखा मिस होने पर बच्चों ने उसे खोल लिया और उसके बारूद को जलते हुए उपले पर डाल दिया। जिसकी वजह से उपले में तेज आवाज के साथ आग लग गई। जिसकी चपेट में आकर पांचों बच्चे झुलस गए। बच्चों की चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए और बच्चों को आग से बचाया। हादसे में पांचों बच्चे बुरी तरह झुलस गए। एंबुलेंस की सहायता से झुलसे बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विवेक और गजेंद्र को बुरी तरह झुलसे हुए हैं। चिकित्सक दोनों पर नजर रखे हुए हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. चरन सिंह ने बताया कि तीन बच्चों की सेहत में सुधार है। दो बच्चे बुरी तरह झुलसे हुए हैं। उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। जबकि, सीओ अरुण कुमार का कहना है कि पटाखा जलाते समय बच्चे झुलस गए हैं। उनका उपचार करवाया जा रहा है। कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। उधर, गांव गंगवार में दिवाली की रात पटाखा छोड़ते समय राजकुमार झुलस गया। झुलसे युवक का एक अस्पताल में उपचार कराया गया है।