अमरोहा। जिलेभर में दिवाली का पूर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। रविवार सुबह के समय देव पितरों की पूजा अर्चना के लिए देव स्थल पर श्रद्धालुओं पहुंचे। रात के समय शुभ मुहूर्त में भगवान श्री गणेश और माता लक्ष्मी की आराधना की। परिवार में सुख समृद्धि की कामनाएं की गई। इसके बाद बच्चों से लेकर बड़ों ने आतिशबाजी की।
दिवाली पर रंग-बिरंगी झालरों और दीयों की रोशनी से जिला जगमगा उठा। जिसकी छटा देखते ही बन रही थी। घरों और प्रतिष्ठानों पर विधि-विधान से मां लक्ष्मी-गणेश की पूजा अर्चना हुई। आतिशबाजी की रंगीन छटाओं से आसमान घिर गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई देकर बधाइयां दीं। अनुमान के मुताबिक जनपद में तीन करोड़ के पटाखे और दो हजार क्विंटल मिठाई की बिक्री हुई है। रविवार की सुबह से ही दिवाली की खुमारी नजर आने लगी थी। पहले प्रतिष्ठानों पर मां लक्ष्मी-गणेश की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद घरों में पूजा-पाठ की गई। भक्तों ने मां लक्ष्मी-गणेश की उपासना कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। घर और दुकानों को दीपों से सजाया गया। इलेक्ट्रानिक झालरों से घरों की सजावट देखते बन रही थी। रंग-बिरंगी झालरों की जगमगाहट से शहर रोशनी से नहा उठा।
पूजा के बाद शुरू हुआ आतिशबाजी का सिलसिला देर रात चलता रहा। जिले के हसनपुर, गजरौला, मंडी धनौरा, आदमपुर, डिडौली, ढबारसी, नौगांवा सादात आदि क्षेत्र में दिवाली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। युवा और बच्चों में उत्साह नजर आया। देर रात तक दिवाली का जश्न मनाया गया।