अमरोहा। जिले के डाकघरों और बैंकों में आधार बनवाने व संशोधन कराने के लिए मारामारी के हालात बने हैं। बैंकों में कहीं सर्वर ठप है तो कहीं दस दिन बाद आने के लिए तारीख दी जा रही है। तड़के तीन बजे से बच्चों को लेकर अभिभावक आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने के लिए लाइन में लग रहे हैं लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ता है। मंगलवार को भी अधिकांश जगह यहीं स्थिति देखने को मिली।
आधार कार्ड के बिना लोगों की केवाईसी फंसी हुई है जिस कारण स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है। वहीं, सैकड़ों ऐसे लोग हैं जिनके केवाईसी के बिना राशन कार्ड से नाम कट गए हैं। इसके अलावा हजारों किसानों को ई-केवाईसी नहीं होने के कारण सम्मान निधि की राशि नहीं मिल पा रही है।
जिले में आधार कार्ड बनवाना और संशोधित करना किसी मुसीबत से कम नहीं है। लोग तड़के से ही खाना-पीना छोड़कर लाइन में लग रहे हैं। दस से 15 दिन चक्कर काटने के बाद भी लोगों के आधार नहीं बन पा रहे हैं और न ही संशोधित हो पा रहे है। यह हाल जिलेभर के डाकघर से लेकर बैंकों तक का है। दिनभर लाइन में लगने के बाद लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ता है। वहीं, सबसे बड़ी समस्या महिलाओं की है जो बच्चों को गोद में लेकर आती हैं और काम न होने पर लौट जाती हैं।
आरोप है कि आधार बनवाने वाले कर्मचारी पहले चहेतों का काम करते हैं। उधर, लोगों की परेशानी को देखकर भी जिम्मेदार अंजान बने हैं। लोग कई किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्रों से आधार बनवाने व संशोधन कराने पहुंच रहे हैं लेकिन रोजाना मायूस होकर लौटना पड़ता है। मंगलवार को भी अमरोहा के मुख्य डाकघर व बैंकों पर यही स्थिति देखने को मिली। यहां सुबह से ही लोग आधार बनवाने को लाइन में लगे दिखाई दिए। गजरौला की बैंक ऑफ बड़ौदा, जोया के एचडीएफसी बैंक और डाक घर पर दिनभर लोगों की लाइन लगी रही। ढबारसी, नौगांवा सादात और रजबपुर क्षेत्र में मारामारी के हालात बने रहे।
जोया डाकघर पर हाल बेहाल
जोया। डाकघर में आधार बनवाने के लिए भीड़ है। यहां एक माह से पांच साल तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा रहे है। संशोधन का कार्य भी चल रहा है। मंगलवार को भी नए आधार कार्ड बनवाने के लिए लंबी लाइन लगी रहीं। डाकघर के इंचार्ज मुन्ना लाल ने बताया कि दूसरे क्षेत्र से भी लोग डाकघर में आकर आधार बनवाने और संशोधन कराने आ रहे हैं। जोया में प्रतिदिन करीब 70 आधार कार्ड के करीब बनाए जा रहे है।
हसनपुर में तीन माह से आधार केंद्र ठप, लोग परेशान
हसनपुर। नगर के डाकघर में संचालित आधार कार्ड केंद्र पिछले तीन महीनों से बंद है। मशीन खराब होने से आधार से संबंधित कोई भी काम नहीं हो पा रहा है जिससे लोग परेशान है। लोगों का कहना है कि वह आधार में कोई भी सुधार कराने या नया आधार बनवाने के लिए दूरदराज के केंद्रों पर जाने को मजबूर हैं। इस वजह से बुजुर्गों, महिलाओं और छात्रों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। उन्हें अपने जरूरी काम जैसे बैंक खाते खुलवाना, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना, या स्कूल-कॉलेज में दाखिला लेना आदि में रुकावट आ रही है। स्थानीय प्रशासन और डाक विभाग के अधिकारियों से कई बार इस समस्या को लेकर शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है।
-
यह बोले लोग
एक सप्ताह से अपने पौत्र व पौत्री का आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए मुख्य डाकघर के बाहर तड़के तीन बजे से लाइन में लगी हूं। तब जाकर आज फार्म मिला है, उसको भरकर जमा करने पर टोकन भी मिल गया है लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी आधार अपडेट नहीं हो पाया है। - साबरी मखदूमपुर, नौगांवा सादात
-
बच्चों के फिंगर प्रिंट अपडेट व मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए बैंक व डाकघर के चक्कर लगाकर थक गई हूं। बच्चों को लेकर पांच दिनों तक डाकघर के चक्कर लगाए लेकिन कोई बात नहीं बनी और अब तीन तीनों से इंडियन बैंक के चक्कर लगा रही हूं। उसके बाद मंगलवार को दस दिन बाद आने की पर्ची मिली है। पर्ची मिलने के बाद विश्वास हुआ कि अब बच्चों के आधार अपडेट हो सकते हैं। -तव्वसुम, गुलड़िया
-
बच्चों के आधार अपडेट कराने के लिए 300 से 500 रुपये तक की सुविधा शुल्क लेकर ही कार्ड नेट पर चढ़ाए जा रहे हैं। जो सुविधा शुल्क नहीं दे रहा उसकाे दस से पंद्रह दिनों का समय दिया जा रहा है।- महीपाल सिंह, नन्हेड़ा
करीब एक माह से बच्चाें के आधार में संशोधन कराने के लिए परेशान हूं लेकिन संशोधन नहीं हो पा रहा है। मैं जोया के डाकघर, रायपुर के बीएसएनएल कार्यालय, अमरोहा बीएसएनएल कार्यालय, मुख्य डाकघर अमरोहा के अलावा बैंक आफ इंडिया और मंगलवार को इंडियन ओवर सीज बैंक में पहुंचा। यहां पर भी पर्ची देकर शनिवार को आने के लिए कहकर टाल दिया है।-राजवीर सिंह, पपसरा