डिडौली। हाईवे स्थित एक ढाबे पर बुधवार रात खाना खाने पहुंचे युवक के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की गई। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चार नामजद युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपद मुरादाबाद के थाना मैनाठेर क्षेत्र के गांव गुरेर निवासी रजा अली अपने साथी कृष्ण मुरारी, स्नेह कुमार के साथ बुधवार देर ढाबे पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद तनुज चौधरी निवासी छज्जू नंगला थाना छजलैट, सतेंद्र शेरावत निवासी जटपुरा थाना बिलारी, विक्रांत गिरिवाल निवासी अमरोहा देहात तथा अमन ठाकुर निवासी लाइनपार मुरादाबाद ने उन्हें देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने रजा अली के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि पीड़ित रजा अली की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।