डिडौली। कोतवाली क्षेत्र में जिम के बाहर खड़े युवक पर कार और बाइक सवार हमलावरों ने तमंचे की बट और लोहे की रॉड से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद समेत 10-15 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना नौ मार्च की सुबह करीब साढ़े छह बजे नारंगपुर चौराहे के पास की है। रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव घनसूरपुर निवासी विशेष यहां स्थित एक जिम में एक्सरसाइज करने आता है। आरोप है कि घटना वाले दिन वह जिम के पास खड़ा था, तभी गाजियाबाद नंबर की कार और चार-पांच बाइकों पर सवार युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने तमंचे की बट और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर विशेष को घायल कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अपने-अपने वाहनों से फरार हो चुके थे। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल विशेष को अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ अभिषेक यादवन ने बताया कि मामले में शौर्य और रचित निवासी गांव चक्कालीलेट थाना रजबपुर, विशेष उर्फ शुभ निवासी गांव करौदी थाना नौगावां सादात, आदर्श निवासी गांव हाकमपुर और सार्थक निवासी गांव कालाखेड़ा थाना रजबपुर और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शुरुआती जांच में युवकों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।