अमरोहा। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्ता तय हो चुका था और नौ नवंबर को निकाह की तारीख निर्धारित थी। इससे पहले ही आठ अक्तूबर की सुबह युवती घर से लापता हो गई। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि वह दूसरे वर्ग के प्रेमी सचिन कुमार के साथ गई है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला नौगावां सादात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता एक गांव निवासी युवक के साथ तय किया था। रिश्ता पक्का होने के बाद शादी की तारीख नौ नवंबर निर्धारित की गई थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन आठ अक्तूबर की सुबह करीब ढाई बजे युवती घर से कहीं चली गई। सुबह बेटी को घर में न पाकर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने गांव में पूछताछ की तो पता चला कि युवती दूसरे वर्ग के प्रेमी सचिन कुमार के साथ चली गई है। इतना ही नहीं युवती घर से सोने की एक झुमकी और 30 हजार रुपये भी अपने साथ ले गई है। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा। प्राथमिकी जांच में मामला प्रेम-प्रसंग का सामने आया है।