गजरौला। बाइक से मुमेरी बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे गजरौला थाना क्षेत्र के बिजौरा निवासी आसिफ (22) की बाइक को कांकाठेर के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। उसकी बाइक पर पीछे बैठा ममेरा भाई घायल हो गया। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस आसिफ को सीएचसी में लेकर आई। यहां उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव बिजौरा निवासी अयूब ट्रक चालक हैं। नौगावां सादात थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में उनकी ससुराल है। उनके साले लियाकत की बेटी की शादी है। जिसकी बरात 30 जून को रहरा थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव से जाएगी। बुधवार को अयूब का बेटा आसिफ और उसका ममेरा भाई जुबैर बाइक से रिश्तेदारियों में कार्ड बांट रहे थे। करीब चार बजे गजरौला क्षेत्र के गांवों में कार्ड बांट कर हापुड़ जिले के पलवाड़ा जा रहे थे।
बताया जा रहा है बाइक आसिफ चला रहा था, जबकि जुबैर पीछे बैठा था। वह कांकाठेर व एक इंजीनियरिंग कॉलेज के बीच पहुंचे थे। इस बीच अचानक आए अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आसिफ की मौके पर मौत हो गई, जबकि जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। जुबैर व आसिफ को सीएचसी में लाया गया। यहां आसिफ को मृत घोषित कर दिया गया। आसिफ की मौत से परिवार में शोक की लहर है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि हादसे में बाइक सवार युवक की मौत का मामला सामने आया है।