क्षेत्र के एक गांव में 25 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, वह मोबाइल पर पत्नी से बात कर रहा था। उसकी पत्नी करीब छह माह से मायके में रह रही थी। बात करते समय पत्नी से विवाद हो गया और युवक ने खेत में जाकर फंदा लगा लिया। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रहरा क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान के बेटे की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। पिछले कुछ दिनों से युवक की पत्नी मायके में रह रही थी। वह गर्भवती है। मंगलवार शाम को युवक पत्नी से मोबाइल पर बात कर रहा था। बात करते समय पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया। इससे नाराज युवक ने जंगल में जाकर फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक को फंदे से नीचे उताराया गया। बाद में परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि इस तरह के किसी मामले की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।