घर से निकली पट्टी सादात गांव निवासी ओमवती देवी (64) की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
ओमवती देवी रजबपुर थाना क्षेत्र के पट्टी सादात गांव निवासी दिवंगत नीलपथ सिंह की पत्नी थीं। इनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। चार साल पहले ब्रेन हेमरेज से नीलपथ सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद से ओमवती मानसिक रूप से बीमार रहने लगीं। बुधवार को उनका बड़ा बेटा सत्यवीर बेटी का आधार कार्ड बनवाने के लिए अमरोहा आए थे।
इसी बीच ओमवती देवी भी घर से निकल गईं। सत्यवीर वापस पहुंचे तो मां ओमवती घर पर नहीं थीं। उन्होंने तलाश शुरू कर दी। इस बीच जानकारी मिली कि चांदनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन की चपेट में आकर ओमवती की मौत हो गई है। कुछ देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों ने किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है।