ढबारसी (अमरोहा)। खेत में फसल की सिंचाई करते समय करंट लगने से किसान मुनेश (30) की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में चचेरा भाई झुलस गया। झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर निवासी किसान मुनेश पुत्र धर्मवीर सिंह बुधवार दोपहर को खेत पर फसल की सिंचाई करने गए थे। इस दौरान खेत में हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मुनेश पड़ोसी किसान श्योराज के नलकूप से किराए पर पानी लेकर खेत की सिंचाई कर रहा था। वह नलकूप की हौदिया के पास पैर धोने और पानी पीने गया था। इसी बीच पानी करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर मुनेश की मौत हो गई। वहीं, खेत में काम कर रहे चचेरे भाई मनवीर ने मुनेश को बचाने की कोशिश की तो वह भी झुलस गया। घटना के बाद मौके पर परिजन पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। झुलसे मनवीर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक ने अपने पीछे दो बेटे व एक बेटी छोड़े हैं। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार नलकूप की मोटर में करंट उतरकर पानी में फैल रहा था।
-फसल की सिंचाई करते समय करंट पानी में करंट उतरने से किसान की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। मौके पर जेई को भेजा गया है। मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। राजेश प्रसाद, एक्सईएन विद्युत हसनपुर।