हसनपुर। गंगा एक्सप्रेस-वे पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार की रात को जिस तरह से हादसा हुआ, ठीक उसी तरह से सोमवार की रात को भी हादसा हो गया। ईटों से लदी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत पांच मजदूर घायल हो गए। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
बताते हैं कि संभल के असमौली क्षेत्र से कुछ लोग ट्रैक्टर ट्राली में ईंटें लादकर नोएडा जा रहे थे। सोमवार की मध्यरात्रि में जब ट्रैक्टर ट्राली हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में गंगा पुल के पास पहुंची तो पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्राली में भरी ईंट सड़क पर फैल गईं। यातायात प्रभावित हो गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक फुरकान, मजदूर
अनस, इकबाल, मोहम्मद कैफ, माहिर अली, कामिल घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ट्रैक्टर चालक फुरकान को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में कर लिया। सड़क पर फैलीं ईंट हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि इस मामले में अभी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।