यह घटना सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी मजदूर की छह वर्षीय बेटी शनिवार शाम को घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान पड़ोस में ही रहने वाले 14 वर्षीय किशोर बच्ची को टॉफी देने का लालच देकर अपने साथ घर ले गया। उस समय किशोर के घर के सदस्य बाहर गए थे। वहीं, किशोर को बच्ची को ले जाते बच्ची के ही परिवार की ही एक महिला ने देख लिया था। हालांकि, महिला ने समझा कि किशोर बच्ची को खिलाने ले जा रहा है।
वहीं, काफी देर तक बच्ची के वापस न आने पर उसकी तलाश शुरू हुई। इस बीच परिजन किशोर के घर पहुंचे तो बच्ची लहूलुहान अवस्था में थी और दर्द से तड़प रही थी। परिजन बच्ची को चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। उधर, परिजनों ने रविवार को पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करते हुए मासूम बच्ची का उपचार शुरू करवाया। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।