हसनपुर में करंट से राजमिस्त्री की मौत के बाद बिलखते परिजन। संवाद
हसनपुर। करंट की चपेट में आकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। परिजनों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सीएचसी में हंगामा किया। दो घंटे तक हंगामा होता रहा।राजमिस्त्री की मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
गजरौला के गांव रहमापुर खालसा निवासी संजीव कुमार (32) राजमित्री का काम करते हैं। इस समय वह राजपूत काॅलोनी में एक मकान की दूसरी मंजिल पर प्लास्टर का काम कर रहे थे। दूसरी मंजिल से सटी हुई हाईटेंशन लाइन है। जिस पर लोहे की फंटी छू जाने से संजीव करंट की चपेट में आए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
संजीव को आनन-फानन में सीएचसी ले जाया गया। जहां मृत घोषित कर दिया गया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंच गए। जहां घटना के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को ले जाने के लिए परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शाम तक नहीं माने। हंगामा होता रहा।
बाद में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने सीएचसी पहुंचकर परिजनों को समझाया। इसके बाद परिजन शांत हुए। मृतक ने अपने पीछे चार बच्चे छोड़े है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हसनपुर में करंट से राजमिस्त्री की मौत के बाद बिलखते परिजन। संवाद