गजरौला (अमरोहा)। साले की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे बहनोई की बाइक डनलप में जा घुसी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक यदि युवक हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। वहीं, हादसे की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार की अपराह्न लगभग दो बजे यह हादसा थाना क्षेत्र में तिगरी रोड पर मोहरकापट्टी चौराहे पर हुआ। गांव पाराखालसा मंडी धनौरा निवासी हरवेंद्र सिंह (41) पुत्र महावीर सिंह अपने साले लोटन पुत्र राजवीर निवासी गांव जमानाबाद की मृत्यु होने पर उसकी अंत्येष्टि में शामिल होने बाइक पर तिगरी जा रहा था। बताते हैं कि तिगरी गांव में प्रवेश से पूर्व मोहरकापट्टी चौराहे पर उसकी बाइक डनलप (भैंसा-बुग्गी) में जा घुसी। इससे उसके सिर से बुरी तरह खून बहने लगा। मौके पर भीड़ लग गई। आननफानन में उसे लहूलुहान हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां केंद्र अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते हुए यहां आ पहुंचे। बताते हैं कि हरवेंद्र अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों के साथ ही पूरे परिवार को रोता छोड़ गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।