मंडी धनौरा (अमरोहा)। खादर क्षेत्र के गंगा से सटे गांव सीपीया फार्म पर मेले में बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दिनभर श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राॅली से मेले में जाती नजर आईं। श्रद्धालुओं ने मेले में लगे झूलों का आनंद लिया।
गंगा तट पर लोगों ने अपने प्रियजनों की याद में दीपदान किया। मेले में आए श्रद्धालुओं पर नजर रखने के लिए ड्रोन की मदद ली। कार्तिक पूर्णिमा पर सीपीया मेले में हजारों की तादाद में लोग पहुंच गए हैं। इस साल गंगा नदी की धार दूर होने के कारण मेले के लिए काफी स्थान मिला है। मेले में लगे मीना बाजार में महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। मीना बाजार में महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात की गई थी। दिवंगत परिजनों की याद में लोगों ने दीप दान किया। संवाद
गंगा घाट पर श्रद्धालुओं को दिलाया स्वच्छता का संकल्प
हसनपुर। राष्ट्रीय सेवी संगठन ने कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा पूठ घाट मेले में पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाया। श्रद्धालुओं को गंगा व उसके आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि गंगा किनारे गंदगी न फैलाएं। घरों से पुरानी तस्वीर, खंडित तस्वीरों, पुरानी पूजन की सामग्री को गंगा में प्रवाहित न करें। गंगा में साबुन या शैंपू का प्रयोग न करें। साथ ही अपील की कि कोई भी श्रद्धालु गंगा नदी में चप्पल न धोएं। इस दौरान धर्मपाल सिंह, महावीर शर्मा, अशोक शर्मा, हरिराज सिंह, मोनू अग्रवाल, राजपाल सिंह, अशोक कुमार, विनोद कुमार, लल्लू सिंह मौजूद रहे।